सतना।मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का शुक्रवार को मैहर जिले में आगमन हुआ. उप मुख्यमंत्री ट्रेन द्वारा मैहर स्टेशन पहुंचे जहां मैहर विधायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं लोगों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उप मुख्यमंत्री मैहर माई शारदा देवी के धाम पहुंचे. मां शारदा देवी के मंदिर में मत्था टेक पूजा अर्चना की. साथ ही प्रदेश एवं विंध्य क्षेत्र की जनता के सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया. इसके बाद उप मुख्यमंत्री मैहर से सतना के लिए रवाना हुए.
रास्तेभर में स्वागत :मैहर से लेकर सतना तक उप मुख्यमंत्री का जगह-जगह पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने स्वागत किया. उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर कहा कि जल्द ही कुछ ना कुछ निर्णय होगा. इसकी जानकारी मीडिया को दी जाएगी, इसके साथ ही मध्य प्रदेश और विंध्य क्षेत्र के विकास को लेकर कहा कि दिन-रात काम करेंगे और विंध्य क्षेत्र को हिंदुस्तान का सबसे बेहतर क्षेत्र बनाएंगे, इसके बाद उपमुख्यमंत्री सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हो गए.