मध्य प्रदेश

madhya pradesh

By

Published : Aug 18, 2019, 8:56 AM IST

ETV Bharat / state

अपनों के निशाने पर सोनिया गांधी, पहली विधायक गायत्री देवी परमार ने उठाये सवाल

कांग्रेस की पहली विधायक रहीं गायत्री देवी परमार ने सोनिया गांधी पर जुबानी हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह समय दूर नहीं जब कांग्रेस का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा. कांग्रेस व्यक्ति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है.

छतरपुर। सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष चुने जाने पर जहां बीजेपी कांग्रेस पर लगातार हमला कर रही है. वहीं कांग्रेस की पहली विधायक रहीं गायत्री देवी परमार ने सोनिया गांधी पर जुबानी हमला बोला है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब कांग्रेस सोनिया गांधी में सिमट कर रह गई है. कांग्रेस में चापलूसों की संख्या बढ़ गई हैं. यही वजह है कि लोग लगातार चापलूसी के चलते सोनिया गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बना रहे हैं.

गायत्री देवी ने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह समय दूर नहीं जब कांग्रेस का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा. कांग्रेस व्यक्ति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है. यही वजह है कि जमीनी कार्यकर्ता और कई बड़े नेता धीरे-धीरे पार्टी से दूर होते चले जा रहे हैं.

कांग्रेस का 1885 में 'हलधर किसान' था निशान

गायत्री देवी परमार ने बताया कि 1957 में छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा विधानसभा से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने जीत दर्ज की थी. उस समय कांग्रेस का निशान 'हलधर किसान' हुआ करता था और एक विधानसभा पर दो लोग चुनाव लड़ा करते थे.

पूर्व विधायक गायत्री देवी परमार ने बताया कि अब कांग्रेस धीरे-धीरे खत्म हो रही है. एक समय था जब लोग कांग्रेस को इंदिरा कांग्रेस कहते थे और अब वहीं समय दोबारा आ गया है. जब लोग कांग्रेस को सोनिया गांधी की कांग्रेस कहने लगे हैं. राहुल गांधी भी कुछ खास नहीं कर पाए और चापलूस लोगों ने एक बार फिर उन्हें कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया.

दिग्गज नेताओं ने छोड़ी कांग्रेस

गायत्री देवी परमार बताती है कि उनके पति बहादुर सिंह मध्यप्रदेश शासन में मंत्री रहे हैं. जवाहरलाल नेहरू के साथ उनके पति ने कई बार बड़े आंदोलन किये और जेल भी गए.लेकिन धीरे-धीरे कांग्रेस का टूटना शुरू हुआ और कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी. उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस पुरानी कांग्रेस से बिल्कुल अलग है. जमीनी कार्यकर्ता और जनता की सेवा करने वाले लोगों की यहां कद्र नहीं है.

ABOUT THE AUTHOR

...view details