भोपाल।मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने को लेकर 'बूथ चलो' अभियान (congress booth chalo campaign in mp) शुरू किया है. यह अभियान प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान का ही एक हिस्सा होगा. 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान 1 फरवरी से 28 फरवरी तक चलना है. 'बूथ चलो' अभियान के जरिए यूथ कांग्रेस मध्यप्रदेश में करीब पांच लाख युवाओं को कांग्रेस से जोड़ेगी. प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को पीसीसी दफ्तर में आयोजित की गई. इसमें प्रदेश प्रभारी शेष नारायण ओझा और अंकित खेड़ा, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के साथ ही प्रदेश भर के यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रभारी शामिल हुए.
हर विधानसभा में 2000 नए सदस्य जोड़ेगी यूथ कांग्रेस
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया (mp state youth congress president) ने बताया कि 'बूथ चलो' अभियान के तहत सभी जिला अध्यक्षों को एक महीने के अंदर एक बूथ पांच यूथ कार्यक्रम के अनुसार पांच सदस्य कमेटी गठित करना अनिवार्य है. हर विधानसभा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यता अभियान के अंतर्गत कम से कम 2000 सदस्य बनाए जाने हैं. इस तरह मध्य प्रदेश से पांच लाख युवाओं को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा. भूरिया ने बताया कि जिले में वार्ड स्तर पर मतदाता सूची का अध्ययन कर मैदानी स्तर पर नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य युवा कांग्रेस द्वारा किया जाएगा.