सिमडेगा: हॉकी इंडिया के तत्वाधान में आयोजित 10वीं जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप 2020 का आयोजन इस वर्ष अप्रैल माह में रांची में निर्धारित था. लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण यह प्रतियोगिता स्थगित कर दी गयी थी. अब इस प्रतियोगिता को रांची की जगह सिमडेगा में कराने के लिए हॉकी इंडिया ने अपनी सहमति दे दी है.
44 टीमों की 1000 महिला हॉकी खिलाड़ी भाग लेंगे
लॉकडाउन की समाप्ति के बाद हॉकी सिमडेगा, जिला के प्रमुख लोगों से एक बैठक कर और जिला प्रशासन से सहमति लेकर आयोजन की तारीख तय की जायेगी. इसके बाद हॉकी झारखंड के माध्यम से हॉकी इंडिया को भेजी जाएगी. इसका आयोजन सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा. इस प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों और विभिन्न एकेडमी सहित कुल 44 टीमों की 1000 से अधिक महिला हॉकी खिलाड़ी भाग लेंगी.