सरायकेला:गुरुवार की देर रात को आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सह सिल्ली विधायक सुदेश महतो चौका थाना क्षेत्र के मातकमडीह पहुंचे. जहां उन्होंने आजसू पंचायत अध्यक्ष सुबोध सिंह मुंडा के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. इस दौरान आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने सुबोध सिंह मुंडा के भतीजे और परिवार के अन्य सदस्यों का ढांढस बंधाया. सुदेश महतो के साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो समेत तमाम आजसू कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सुबोध सिंह मुंडा के परिजनों से मिले आजसू प्रमुख सुदेश महतो, हत्यारों के जल्द गिरफ्तारी की मांग - केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो
आजसू प्रमुख सुदेश महतो आजसू नेता दिवंगत सुबोध सिंह मुंडा के परिवार से मुलाकात करने चौका थाना के मातकमडीह पहुंचे. सुबोध सिंह मुंडा की 18 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
![सुबोध सिंह मुंडा के परिजनों से मिले आजसू प्रमुख सुदेश महतो, हत्यारों के जल्द गिरफ्तारी की मांग Seraikela News](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/768-512-14897178-586-14897178-1648792572022.jpg)
इसे भी पढ़ें:गुमला गोलीकांड में घायल JJMP का पूर्व सदस्य AK-56 के साथ गिरफ्तार, कमांडर की हत्या कर हुआ था फरार
आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि आजसू परिवार सदैव इस परिवार का साया बनकर साथ रहेगी. सुदेश महतो ने आजसू केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो को दिवंगत सुबोध सिंह मुंडा के परिजनों के सुख दुख में भागीदार बनने को कहा. इस दौरान उन्होंने गत 18 मार्च को हुई गोलीकांड घटना की निंदा करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. इसके अलावा सुदेश महतो ने पुलिस से भी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. इस बाबत सुदेश महतो ने चौका थाना प्रभारी से मामले के बिंदुओं पर चर्चा की और अपराधियों को पकड़ने को कहा. सुदेश महतो ने कहा कि भविष्य में आने वाले एक अच्छे लीडर की बेवजह हत्या कर दी गई. प्रशासन को जल्द इसकी जांच कर आरोपियों को सजा दिलानी चाहिए.
गोली मारकर की गई थी हत्या: बीते 18 मार्च को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर चौका थाना के मातकमडीह निवासी सुबोध सिंह मुंडा की हत्या कर दी थी. सुबोध सिंह मुंडा आजसू पार्टी के मातकमडीह पंचायत अध्यक्ष थे. वह 18 मार्च को चौका थाना के घाटदुलमी में फुटबॉल प्रतियोगिता में गए थे, जहां अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी.