झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

निशिकांत दुबे के लोकसभा में उठाए मुद्दे पर कांग्रेस का पलटवार, बीजेपी से की सांसद पर कार्रवाई की मांग

गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में झारखंड में बलात्कार, साइबर अपराध और धर्मांतरण का मुद्दा उठाया था और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की थी. इसे लेकर कांग्रेस ने निशिकांत दुबे पर निशाना साधा है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ताओं ने निशिकांत दुबे की नींदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.

By

Published : Feb 5, 2021, 10:19 PM IST

jharkhand-congress-demands-action-against-mp-nishikant-dubey
निशिकांत दुबे पर निशाना

रांची:बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान झारखंड में बलात्कार, साइबर अपराध और धर्मांतरण का मुद्दा उठाया था, साथ ही झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की भी मांग की थी. इसे लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा कि भारत में वर्षों से चली आ रही संसदीय परंपरा और मर्यादा का हनन गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने किया है, निशिकांत दुबे लोकसभा के नियमों को ताक पर रखते हुए और बिना किसी साक्ष्य के मुख्यमंत्री के खिलाफ अनर्गल बयान दे रहे हैं, जिसकी झारखंड कांग्रेस नींदा करती है और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से सांसद पर कार्रवाई करने की अपील भी करती है.



वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भी निशिकांत दुबे के आरोप पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस युवती का हवाला देकर निशिकांत दुबे मुख्यमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं, उस युवती ने खुद सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर यह बताया है कि निशिकांत दुबे और बीजेपी नेताओं से उनकी जान को खतरा है, उसके बावजूद भी सारी निर्लज्जता की सीमा और राजनीतिक मर्यादा को ताक पर रखकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया गया है. उन्होंने सांसद निशिकांत दुबे पर कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें कानूनी रूप से दंडित करने की मांग की है.

निशिकांत दुबे पर अनाप-शनाप बयान देने का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने कहा है कि बीजेपी सांसद की फर्जी डिग्री और उनकी पत्नी के गलत तरीके से जमीन खरीद किए जाने का मामला कोर्ट में लंबित है, इसीलिए वह बौखला गए हैं और अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं. कांग्रेस प्रवक्ताओं ने एक सुर में कहा कि जल्द ही बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के बेबुनियाद आरोपों का खुलासा हो जाएगा, साथ ही साथ उनके गलत तरीके से खरीदे गए जमीन के मामले की सच्चाई भी लोगों के सामने आ जाएगी.

इसे भी पढे़ं: न्यायालय के डर से निशिकांत दुबे दे रहे अनर्गल बयान, झारखंड में उनका खेल हो चुका है खत्म: झामुमो

कांग्रेस चलाएगी कैंपेन
वहीं 8 फरवरी को पूरे देश में कांग्रेस सोशल मीडिया पर अपना लोगो लॉन्च करेगी, साथ ही साथ जॉइन कांग्रेस कैंपेन भी चलाने की शुरुआत की जाएगी, जिसका नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर गजेंद्र सिंह करेंगे.

ABOUT THE AUTHOR

...view details