रांची: इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की सालाना आय पर कोई असर नहीं पड़ा है. वित्त वर्ष 2022-23 में उनकी आमदनी बीते साल यानी 2021-22 की आय के लगभग बराबर रहने की उम्मीद जताई जा रही है. आयकर विभाग में उनकी ओर से जमा किया गया एडवांस टैक्स इसकी तस्दीक करता है.
ये भी पढ़ें-कारोबारी दुनिया में नए अवतार में महेंद्र सिंह धोनी, पहली छमाही में दिया 17 करोड़ का एडवांस टैक्स
धोनी ने इस साल 31 मार्च को खत्म हुए वित्तीय वर्ष के लिए आयकर विभाग को कुल 38 करोड़ रुपए बतौर एडवांस टैक्स चुकाए हैं. पिछले साल यानी वर्ष 2021-22 में भी उन्होंने इतनी ही राशि एडवांस टैक्स के रूप में जमा की थी. यानी इस साल उनकी आमदनी पिछले साल के बराबर रही है. वर्ष 2020-21 में धोनी ने एडवांस टैक्स के तौर पर 30 करोड़ के आसपास की रकम जमा की थी.
आयकर विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी इस साल भी झारखंड के सबसे बड़े इंडिविजुअल टैक्स पेयर रहे हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, धोनी की ओर से जमा कराये गये 38 करोड़ के एडवांस टैक्स के आधार पर वर्ष 22-23 में उनकी आय लगभग 130 करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद है.