झारखंड

jharkhand

Congress Presidential Election: झारखंड के छह डेलीगेट ने दूसरे राज्यों में वोट दिया, 19 मतदाता चुनाव से दूर रहे, कई नेता नाराज

By

Published : Oct 17, 2022, 8:55 PM IST

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मतदान (Congress Presidential Election 2022) सोमवार को संपन्न हो गया है. इस चुनाव में अब तक चुप रहे कई नेताओं की मतदाता न बनाए जाने की नाराजगी सामने आने लगी है. इधर झारखंड के छह मतदाताओं ने दूसरे राज्यों में वोट दिया, जबकि 19 मतदाता मतदान से दूर रहे. जाने किसने कहां दिया वोट.

Congress Presidential Election 2022
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव

रांचीःभारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार 17 अक्टूबर को शांतिपूर्ण ढंग से कांग्रेस भवन रांची में मतदान का कार्य संपन्न हो (Congress Presidential Election 2022) गया. यहां मतदान कार्य पीआरओ प्रकाश जोशी, एपीआरओ भावेश चौधरी एवं जितेन्द्र कसाना की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. इस चुनाव के लिए झारखंड के 294 मतदाताओं ने झारखंड कांग्रेस प्रदेश कार्यालय रांची के मतदान केंद्र पर मतदान किया, जबकि छह डेलीगेट ने दूसरे राज्यों में मतदान किया और 19 मतदाता मतदान से दूर रहे.

ये भी पढ़ें-Congress Presidential Election: झारखंड से कांग्रेस अध्यक्ष के लिए पड़े 294 वोट, मतपेटी दिल्ली भेजने की तैयारी

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई और संध्या 04.00 बजे तक चली. सिन्हा ने बताया कि इस दौरान झारखंड के 319 प्रतिनिधियों ( डेलीगेट्स) में से 294 प्रतिनिधियों ने रांची में अपने मताधिकार का प्रयोग किया. राकेश सिन्हा ने कहा कि कुछ प्रतिनिधि जो राज्य से बाहर थे, उन्होंने दूसरे राज्य में ही अपना मत दिया है. इसकी सूचना मिली है और कुल मिलाकर 319 में लगभग 300 वोट पड़ा है.


राकेश सिन्हा ने बताया कि रांची कांग्रेस भवन में दो मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिसमें प्रदेश के प्रतिनिधिगण बारी-बारी से आए और मतदान किया. झारखंड कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए देश भर में 9300 प्रतिनिधियों ने अपने मत का प्रयोग किया. प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राज्य के सभी मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया है. ठाकुर ने मतदाताओं को धन्यवाद दिया कि उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया.

राकेश सिन्हा ने बताया कि पूर्व एलओपी मल्लिकार्जुन खड़गे के चुनाव अभिकर्ता के रूप में केशव महतो कमलेश, अशोक चौधरी, संजय लाल पासवान, रमा खलखो केंद्र पर रहे तो शशि थरूर के चुनाव अभिकर्ता के रूप में आदित्य विक्रम जायसवाल, भुवनेश ठाकुर, डीके सिंह, अमरजीत कुमार नियुक्त किए गए थे.


इन्होंने किया रांची में मतदानः आज मतदान करने वालों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद एवं मंत्री ददई दूबे, फुरकान अंसारी, सुखदेव भगत, डॉ. प्रदीप बालमुचू, विधायक ममता देवी, अम्बा प्रसाद, भूषण बाड़ा, उमाशंकर अकेला, रामचन्द्र सिंह, सोनाराम सिंकू, मानस सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद, कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पॉल मुंजनी, डॉ. राकेश किरण महतो, आभा सिन्हा, ईश्वर आनंद, मंजू कुमारी, आलोक दुबे आदि शामिल थे.

इन्होंने रांची से बाहर किया मतदानःकांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए झारखंड के 319 मतदाताओं में से 294 मतदाताओं ने रांची के मतदान केंद्र पर वोट डाला. जबकि सांसद धीरज साहू ने दिल्ली और विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने उत्तराखंड में मतदान किया. कई और मतदाताओं ने भी दूसरे राज्यों में मतदान किया. इस तरह झारखंड के कुल तीन सौ मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है.


मतदाता न बनाए जाने से कई नाराजः इधर, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव 2022 के लिए मतदाता न बनाए जाने पर कई कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है, जो चुनाव के बाद खुलकर सामने आने लगी है. इसी में से एक नाम रांची कांग्रेस की नेता गायत्री सिंह का है. कांग्रेस के डेलीगेट्स में उनका नाम नहीं रहने पर वे पार्टी से नाराज हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने उन्होंने नाराजगी जता दी है. हालांकि कांग्रेस के प्रवक्ता ने इसे पार्टी के अंदर का लोकतंत्र बताया. बहरहाल राकेश सिन्हा ने बताया कि दोनों मतपेटी को सील कर दिया गया है और उसे लेकर pro विमान से दिल्ली जाएंगे.

ABOUT THE AUTHOR

...view details