झारखंड

jharkhand

गिरिडीह में भाजपा को झटका, मुख्यमंत्री के समक्ष कई ने थामा JMM का दामन

By

Published : Nov 18, 2021, 3:36 PM IST

गिरिडीह में राजनीतिक उठापटक हुई है. यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा को तगड़ी चोट दी है. गिरिडीह नगर निगम के भाजपा समर्थित कई वार्ड पार्षदों ने जेएमएम का दामन थाम लिया है. यह सब सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष हुआ है.

Many BJP leaders joined JMM
Many BJP leaders joined JMM

रांची/गिरिडीह: जिला भाजपा को तगड़ा झटका लगा है. जिला भाजपा के तीन कार्यकारिणी सदस्य समेत कुल 13 लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया है. यह मिलन गुरुवार को रांची में मुख्यमंत्री, झारखण्ड-सह- कार्यकारी अध्यक्ष झारखण्ड मुक्ति मोर्चा हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में हुआ है. सदस्यता कार्यक्रम के दौरान हेमंत सोरेन के रांची स्थित आवास में गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार एवं झामुमो के गिरिडीह जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की भी मौजूद थे. पूरी जानकारी जेएमएम ने प्रेस बयान जारी कर दी है.

ये भी पढ़ें-जेएमएम कार्यकर्ताओं ने टाटा स्टील कंपनी के सभी गेट को किया बंद, मुख्यालय को पुणे शिफ्ट करने का विरोध

भाजपा की झूठी राजनीति से लोग हुए तंग: सीएम

इस दौरान हेमंत सोरेन ने कहा कि यह हमारे लिए एवं पार्टी के लिए खुशी की बात है कि आमजनों सहित भाजपा के सदस्यों को भी अब हमारी नीतियों पर भरोसा होने लगा है एवं भाजपा की झूठ की राजनीति से लोग अब तंग आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी को अपनी शुभकामनाएं देता हूँ. साथ ही, यह भी कहना चाहता हूं कि आप सभी ने जिस हर्षोल्लास एवं ऊर्जा के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की है, उसी ऊर्जा के साथ आप क्षेत्र में जाएं और जनता की सेवा करें. सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ हर एक सुयोग्य, जरूरतमंद लाभुक को मिले, इसके लिए मेहनत करें. हमारी सरकार गरीब, वंचित, दलित, पिछड़ों के उत्थान के लिए तत्पर है, आपका हर एक प्रयास हमारे राज्य में विकास की गति को तेजी प्रदान करेगा.

टूटने लगा भाजपा का भ्रम जाल: विधायक

मौके पर उपस्थित गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने कहा कि आम जनता सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को भी अब उनकी छल कपट की नीति समझ में आने लगी है. जिससे तंग आकर लोग अब झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ उम्मीद लिए आ रहे हैं. मुझे भरोसा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि हमारे नेता हेमंत सोरेन की विकासोन्मुख नीतियों एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आशीर्वाद से हम झारखंड में विकास की नई इबारत गढ़ेंगे और आम जनता को हर संभव, हर प्रकार की सेवा देने में सफल रहेंगे. उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं गठबंधन की सरकार ने राज्य में जिन नीतियों को लागू किया है. वह झारखंड एवं झारखण्डियत की एक नई मिशाल पेश करेगा. साथ ही, यह झारखंड के विकास को एक सुदृढ और सतत आधार देगा.


जेएमएम के प्रेस बयान के अनुसार, इनलोगों ने थामा जेएमएम का दामन

  • पूनम देवी- वार्ड पार्षद - 1
  • माया देवी- वार्ड पार्षद - 6
  • अशोक राम - वार्ड पार्षद- 11
  • अजय राम - वार्ड पार्षद (12)-सह- उपाध्यक्ष, गिरिडीह जिला भाजपा अनुसूचित मोर्चा
  • सोमार मरांडी - वार्ड पार्षद- 13
  • नीलम झा- वार्ड पार्षद- 14
  • सुमित कुमार- वार्ड पार्षद- 16
  • राजू यादव- वार्ड पार्षद- 28
  • सुदामा देवी - वार्ड पार्षद- 29
  • अजय कान्त झा- सदस्य, भाजपा जिला कार्यकारिणी समिति, गिरिडीह
  • अनिल गुप्ता- सदस्य, भाजपा जिला कार्यकारिणी समिति, गिरिडीह
  • निरंजन प्रसाद राय- सदस्य, भाजपा जिला कार्यकारिणी समिति, गिरिडीह
  • पवन कुमार रवानी - सदस्य, भाजपा गिरिडीह जिला

ABOUT THE AUTHOR

...view details