दुमका:झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर दुमका में हैं. मंगलवार को राज्यपाल ने सरकार द्वारा छात्राओं के लिए संचालित सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने छात्राओं द्वारा बनाए गए विज्ञान प्रदर्शनी और हस्तशिल्प को भी देखा.
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने स्कूली छात्राओं से बातचीत कर उनका हौसला अफजाई की. उन्होंने कहा कि आप सभी लक्ष्य निर्धारित करें और उस अनुसार मेहनत करें, आप बड़े पदों पर जाएं और अपने परिवार, समाज के साथ-साथ गांव, जिला और राज्य का नाम रोशन करें. स्कूल के छात्राओं ने राज्यपाल के स्वागत के लिए नृत्य भी प्रस्तुत किया, जिसका लोगों ने लुत्फ उठाया.