रांची:झारखंड में गर्मी बढ़ने के साथ लोगों की मुसीबत बढ़ गई है.राजधानी रांची समेत कई जिलों में लू चलने लगी है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 30 मार्च से हीट वेव चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने लोगों को हीट वेव चलने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. डाल्टनगंज में तापमान 41 डिग्री के पार चला गया है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य में अगले दो-तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है.
Heat Wave Alert: झारखंड के कई जिलों में हीट वेव का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट - jharkhand news
झारखंड में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. राजधानी रांची सहित कई जिलों में लू चलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने कई जिलों में हीट वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है.
![Heat Wave Alert: झारखंड के कई जिलों में हीट वेव का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट weather update of jharkhand](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/768-512-14882704-572-14882704-1648649323760.jpg)
ये भी पढ़ें:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैबिनेट की बैठक, नई उत्पाद नीति समेत 72 प्रस्तावों पर लगी मुहर
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर पश्चिम में गर्म हवा चलने की वजह से झारखंड के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. 30 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले में कई जगहों पर लू चली. 31 मार्च को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, बोकारो, धनबाद, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम जिले में कई जगहों पर लू चल सकती है.
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार झारखंड में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तापमान में वृद्धि की संभावना है. उसके बाद अगले 3 दिन में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान उच्चतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया. जबकि न्यूनतम तापमान गढ़वा में 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
झारखंड में अन्य जिलों में तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 37.2, जमशेदपुर में 40.5, डाल्टनगंज में 41.2, बोकारो 38.1, चाईबासा में 39.4, देवघर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो रांची में 19.7, जमशेदपुर में 20.0, डाल्टनगंज 21.3, बोकारो में 20.1, चाईबासा में 21.6 और देवघर में 22.5 रिकॉर्ड किया गया है.