रांची: राजधानी रांची का बिरसा जैविक उद्यान जल्द ही देश के टॉप 10 जू में शामिल होने जा रहा है. ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान को विकसित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं. बिरसा जैविक उद्यान को राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से भी अनुमति मिल चुकी है.
इसे भी पढ़ें- बिरसा जैविक उद्यान बनेगा विश्वस्तरीय चिड़ियाघर, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने लिया फैसला
राज्य के मुख्य वन संरक्षक पीके वर्मा ने कहा कि चिड़ियाघर को राष्ट्र स्तर बनाने के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने वर्ष 2019 में ही अनुमति दे दी है. लेकिन कोरोना की वजह से कई विकास कार्य रुके हुए हैं. उन्होंने बताया कि केंद्र चिड़िया घर प्राधिकरण ने सभी राज्यों को अपने-अपने चिड़ियाघरों की विशेषताओं का प्रस्तुतीकरण देने को कहा था, जिसमें झारखंड के बिरसा जैविक उद्यान और जमशेदपुर के चिड़ियाघर का नाम शामिल था. इस प्रस्तुतीकरण के बाद केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने रांची के बिरसा जैविक उद्यान को राष्ट्र स्तर चिड़िया घर बनाने की घोषणा की है.
इसको लेकर राजधानी के लोगों ने कहा कि चिड़ियाघर के विकास होने से शहर का भी विकास होगा. क्योंकि पूरे राज्य के साथ साथ बिहार, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ के भी लोग राजधानी रांची के इस चिड़ियाघर को देखने पहुंचेंगे.
वर्तमान समय की बात करें तो बिरसा जैविक उद्यान में 1 हजार 498 पशु-पक्षी मौजूद हैं. इसमें बच्चों और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चार शेर, 9 बाघ, 9 भालू, 6 हिप्पोपोटेमस, 10 हिमालयन भालू शामिल हैं. इसके अलावा जल्द ही चिड़ियाघर की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए जेब्रा और जिराफ जैसे विदेशी जानवरों को भी लाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- विलुप्त हो रहे बेजुबानों पर सरकार की बेरुखी, फाइलों में दबती जा रही योजनाएं