जमशेदपुर: केंद्र में नई सरकार के शपथ ग्रहण में झारखंड के खूंटी से जीत दर्ज करने वाले अर्जुन मुंडा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. जिससे परिवार में जश्न का माहौल है. शपथ ग्रहण का सीधा प्रसारण देखते हुए अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अर्जुन मुंडा को आशीर्वाद देते हुए कहा है कि वह बहुत खुश हैं. वहीं, उन्होंने बोला कि उनका बेटा अर्जुन देश के लिए काम करेगा.
शाम 7 बजे अर्जुन मुंडा के आवास पर उनकी मां सायरा मुंडा, बड़े भाई भीमसेन मुंडा और परिवार के अन्य सदस्य केंद्र की नई सरकार का शपथ ग्रहण का सीधा प्रसारण देखने में व्यस्त रहे. उन्हें भरोसा था कि अर्जुन मुंडा को भी केंद्रीय मंत्री का दर्जा मिलेगा और जब अर्जुन मुंडा का नाम शपथ ग्रहण के लिए घोषणा की गई तब परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला.