हिमाचल प्रदेश

himachal pradesh

ETV Bharat / state

मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो को बधाइयों का तांता, सीएम सुखविंदर सिंह सहित अन्य नेताओं ने जताई खुशी - ISRO Moon Mission

चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के साथ ही इसरो के वैज्ञानिकों की सफलता पर बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया है. हिमाचल प्रदेश के सीएम समेत सभी नेताओं ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है और प्रसन्नता व्यक्त की है. पढ़ें पूरी खबर... (Chandrayaan 3 Moon Landing) (Chandrayaan 3 Landing on Moon).

Chandrayaan 3 Moon Landing
मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो को बधाइयों का तांता

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : Aug 23, 2023, 7:49 PM IST

शिमला:चंद्रयान-3 अब चांद पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर चुका है. इसरो के वैज्ञानिकों की इस सफलता पर पूरा देश गौरवान्वित है. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने देश की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भारत की इस उपलब्धि को पूरे देश केलिए गौरव का क्षण बताया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेताओं ने अपने सोशल मीडिया पन्नों पर भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है.

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश के लिए यह ऐतिहासिक और कभी न भूलने वाला क्षण है. भारत विश्व का पहला देश बन गया है, जो चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचा है. देश के वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा को साबित किया है. चालीस दिन तक वैज्ञानिक निरंतर अभियान को सफल बनाने में जुटे रहे. सीएम सुखविंदर सिंह ने कहा कि इसरो की स्थापना देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू ने की थी. इसने भारत के अंतरिक्ष अभियानों के लिए मजबूत नींव रखी.

ये भी पढे़ं-Moon Mission Chandrayaan-3 : चंद्रमा पर पहुंचा भारत, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर पीएम मोदी ने दी बधाई

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भी इसरो के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है. कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर चंद्रयान-3 मिशन से जुड़ी फोटो सांझा करते हुए वैज्ञानिकों को बधाई दी. उन्होंने भारत माता की जय का नारा लिखा और बधाई दी है. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मिलकर लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखा और देश की इस सफलता का जश्न मनाया. उन्होंने सभी वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई दी है. जेपी नड्डा ने ट्वीट कर लिखा-बधाई, हम चंद्रमा पर हैं.

अनुराग ठाकुर ने लिखा, धरती पर संकल्प लिया, चांद पर पूरा किया. उन्होंने लिखा, अमृतकाल का पहला वर्ष और भारत ने वो कर दिखाया, जिसे आज तक कोई देश नहीं कर पाया. भारी बारिश के कारण हिमाचल में बहुत नुकसान हुआ है, लेकिन देश की इस सफलता पर प्रदेश में उत्साह का माहौल है. सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने-अपने तरीके से चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की खुशी प्रकट की है.

ये भी पढ़ें-Chandrayaan 3 : भारत ने रचा इतिहास, चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा चंद्रयान-3

ABOUT THE AUTHOR

...view details