शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के वरिष्ठ निजी सचिव अशोक शांडिल का निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है. अशोक शांडिल 57 साल के थे. उनके निधन की जानकारी मिलते ही शिमला स्थित राज्य सचिवालय में शोक की लहर दौड़ गई. कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर इसकी जानकारी साझा की है.
रोहित ठाकुर ने लिखा कि 'मेरे निजी सचिव खुशदिल इंसान श्री अशोक शांडिल जी का आकस्मिक निधन बेहद दुःखद है. मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. भावभीनी श्रद्धांजलि! ॐ शान्ति!'
बताया जा रहा है कि अशोक शांडिल अपने गांव पटकैहर गए हुए थे. जो शिमला जिले में आता है. घर पर ही हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया. गौरतलब है कि अशोक शांडिल के पास विभिन्न सरकारों में विभिन्न मंत्रियों के साथ काम करने का अनुभव था. उनकी छवि एक मेहनतकश और मृदुभाषी अधिकारी की रही. पूर्व की जयराम ठाकुर सरकार के दौरान अशोक शांडिल कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के निजी सचिव थे. महेंद्र ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है.