शिमला: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस ने देश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है. हिमाचल में भी यह अभियान 26 जनवरी को शुरू किया गया है. इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता ब्लॉक, पंचायत स्तर पर राहुल गांधी के संदेश पहुंचा रहे हैं. कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हिमाचल में चल रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में समीक्षा की. उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में तेजी लाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए.
कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज देश में तानाशाह सरकार चल रही है. इसी तानाशाही के खिलाफ राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की. इसके बाद राहुल गांधी का संदेश प्रदेश में घर-घर तक पहुंचाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है. प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की चिट्ठी हर घर तक पहुंचाने का काम करेगी.
कांग्रेस पदाधिकारी पूरी निष्ठा से अपना दायित्व निभाएं: प्रतिभा सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों से अपने उत्तरदायित्वों को पूरी निष्ठा से पूरा करने को कहा है. उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता से प्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने कहा कि यह एकता इसी तरह जारी रहनी चाहिए, जिससे कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भी अपनी जीत का परचम लहरा सके.