कुरुक्षेत्र:धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज हो चुका है. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता जयंती महोत्सव सरस मेले का उद्घाटन (Gita Jayanti Mahotsav Saras Mela Kurukshetra) किया. ब्रह्मसरोवर के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता का संदेश हजारों साल बाद आज भी प्रासंगिक है. सरस मेले से हरियाणा की सांस्कृतिक की महक व पहचान विदेशों तक पहुंचेगी.
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरस मेले के माध्यम से हरियाणा के संस्कृति की पहचान विदेशों तक पहुंचेगी. उन्होंने कहा कि सरस मेले में 650 स्टालस लगाए गए हैं. जहां पर दूसरे राज्यों से आए हुए आर्ट व क्राफ्ट देखने को मिलेंगे. हर साल लाखों की संख्या में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव देखने के लिए पूरे भारत वर्ष से पर्यटक यहां पहुंचते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 देशों के पर्यटक सरस मेले में आएंगे. दस जिलों से गीता जयंती में आने वाले यात्रियों को किराए में 50% छूट दी जा रही है. उन्होंने गीता जयंती के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप पर पिछली सरकारों द्वारा ध्यान ना देने पर कहा कि जब जागे तब सवेरा अगला कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित रहेगा. मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 नवंबर को गीता जयंती के मुख्य कार्यक्रमों में भाग लेगी उसी दिन राष्ट्रपति महोदया हरियाणा की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.