राजस्थान बॉर्डर से लगते हरियाणा के जिलों में पिछले 5 साल में 2682 वन्य जीवों की मौत - वन्य जीव मौत आंकड़ा हिसार मंडल
वन विभाग के हिसार मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों में पांच साल के अंदर कई वन्य जीवों की मौत हो चुकी है. वन विभाग के मुताबिक इन वन्य जीवों की मौत सबसे ज्यादा हरियाणा-राजस्थान के बॉर्डर एरिया में हो रही है.
हिसार मंडल के राजस्थान बॉर्डर से लगते जिलों में वन्यजीव खात्मे के कगार पर
By
Published : Jan 11, 2021, 12:32 PM IST
|
Updated : Jan 23, 2021, 5:58 PM IST
हिसार:वन विभाग के हिसार मंडल के अंतर्गत हिसार, फतेहाबाद, सिरसा व भिवानी जिले में 2016 से लेकर 2020 तक पांच साल की अवधि में 411 काले हिरणों सहित 2682 वन्यजीव की मौत हो चुकी है.
इसका खुलासा तब हुआ, जब वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रयासरत और जीव रक्षा सभा के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष विनोद कड़वासरा बड़ोपल ने आरटीआइ के माध्यम से जानकारी ली है. आरटीआई से मिली सूचना में सामने आया कि हिसार मंडल के राजस्थान बार्डर से लगते जिलों में वन्यजीव खात्मे के कगार पर हैं.
वहीं अगर जिलेवार बात की जाए तो कुल इतने वन्य जीव मारे गए हैं-
जिला फतेहाबाद में पांच सालों में कुल 862 वन्यजीव मारे गए, जिनमें 176 काले हिरण, 24 राष्ट्रीय पक्षी मोर, 02 चिकारा हिरण, 32 बंदर, 605 नील गाय और 23 अन्य वन्यजीव शामिल हैं.
जिला हिसार में 1273 वन्यजीव मारे गए. जिनमें 216 काले हिरण, 27 राष्ट्रीय पक्षी मोर, 22 चिकारा हिरण, 09 बंदर, 958 नील गाय और 41 अन्य वन्यजीव शामिल हैं.
जिला सिरसा में 187 वन्यजीव मारे गए, जिनमें 12 काले हिरण, 01 राष्ट्रीय पक्षी मोर, 05 चिकारा हिरण, 01 बंदर, 163 नील गाय और 05 अन्य वन्यजीव शामिल हैं.
जिला भिवानी में कुल 360 वन्यजीव मारे गए, जिनमें 07 काले हिरण, 16 राष्ट्रीय पक्षी मोर, 06 चिकारा हिरण, 32 बंदर, 279 नील गाय और 20 अन्य वन्यजीव शामिल हैं.