नई दिल्ली:राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले घटने के साथ ही कोविड गाइडलाइंस उल्लंघन के चालान में भी कमी आई है. दिल्ली पुलिस के आंकड़ों की माने तो इसमें 80 फीसदी तक की कमी देखने को मिल रही है. पहले जहां औसतन 1500 से 2000 चालान रोजाना हो रहे थे तो वहीं अभी औसतन 200 चालान ही दिल्ली पुलिस द्वारा रोजाना किये जा रहे हैं.
दिल्ली में 80 फीसदी तक कम हुए मास्क चालान
चालान राशि बढ़ने से आई कमी
नवंबर के दूसरे सप्ताह से दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर के चलते कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे. सख्ती करने के लिए दिल्ली सरकार ने बिना मास्क चलने वाले लोगों की चालान राशि को 500 से बढ़ाकर 2000 कर दिया. इसके लागू होते ही बिना मास्क पहनकर चलने वाले लोगों की संख्या बेहद कम हो गई. पहले जहां रोजाना 1500 से 2000 लोग बिना मास्क के पकड़े जा रहे थे तो वहीं चालान राशि बढ़ने के बाद औसतन 200 लोग ही बिना मास्क के पुलिस द्वारा पकड़े जा रहे हैं. पुलिस का मानना है कि चालान राशि बढ़ने की वजह से लोग ज्यादा सावधानी बरतने लगे हैं. इस वजह से राजधानी में संक्रमण की दर में भी कमी देखने को मिल रही है.
राशि 2000 होने पर चालान
दिनांक | चालान |
1 दिसंबर | 157 |
30 नवंबर | 134 |
29 नवंबर | 111 |
28 नवंबर | 132 |
27 नवंबर | 186 |
26 नवंबर | 200 |
25 नवंबर | 246 |
24 नवंबर | 296 |
23 नवंबर | 351 |
राशि 500 होने पर चालान
दिनांक | चालान |
22 नवंबर | 1501 |
21 नवंबर | 1306 |
20 नवंबर | 2430 |
19 नवंबर | 2110 |
18 नवंबर | 1712 |
17 नवंबर | 1536 |
16 नवंबर | 1460 |
15 नवंबर | 934 |
14 नवंबर | 1727 |