नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या से शनिवार को 6 वंदे भारत एक्सप्रेस और दो अमृत भारत ट्रेनों को राष्ट्र के लिए समर्पित किया. इनमें से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अयोध्या, कटरा और अमृतसर से दिल्ली के लिए चलेंगी. शनिवार रात ये ट्रेनें आनंद दिल्ली विहार, नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जिसका भव्य स्वागत किया गया. यात्रियों पर पुष्प वर्षा की गई, माला पहनाकर तिलक किया गया. इस दौरान यात्री बेहद खुश दिखाई दिए.
अयोध्या से पहली बार दिल्ली के बीच चली वंदे भारत :अयोध्या धाम से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत को हरी झंडी दी. शनिवार देर रात आनंद विहार टर्मिनल पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया गया. भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, स्थानीय विधायक ओम प्रकाश शर्मा और अन्य भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन पहुंचने पर यात्रियों पर पुष्प वर्षा की. इसके बाद माला पहनाया और तिलक लगाकर स्वागत किया. यह वंदे भारत भारत एक्सप्रेस 4 जनवरी से नियमित आनंद विहार और अयोध्या धाम के बीच चलेगी. आनंद विहार से यह ट्रेन सुबह 6:10 बजे चलेगी. कानपुर और लखनऊ में रुकते हुए दोपहर 2:30 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी. दोपहर 3:20 बजे अयोध्या धाम से चलेगी और रात 11:40 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. बुधवार को छोड़कर ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी.
दरभंगा से अयोध्या के रास्ते आनंद विहार आएगी अमृत भारत एक्सप्रेस :दरभंगा से अयोध्या के रास्ते आनंद विहार तक अमृत भारत ट्रेन का संचालन होगा. यह ट्रेन दरभंगा से कामतुल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बाघा, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, मकनपुर, अयोध्या धाम, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, इटावा, अलीगढ़ जंक्शन होते हुए आनंद विहार रेलवे स्टेशन आएगी.