नई दिल्ली:एमसीडी के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच खींचातानी लगातार जारी है. एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी द्वारा यह आरोप लगाया जा रहा है कि भाजपा ने एमसीडी में 2500 करोड़ों का घोटाला किया है, तो वही दिल्ली भाजपा का आरोप है कि दिल्ली सरकार उनके बकाए 13 हजार करोड़ रुपये नहीं दे रही है. इसी को लेकर दिल्ली भाजपा ने आज से दिल्ली में जन जागरण अभियान की शुरुआत की है जिसके अंतर्गत दिल्ली के सभी बूथों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है.
दिल्ली BJP ने शुरू किया जनजागरण अभियान जारी है लड़ाई
जन जागरण अभियान के अंतर्गत दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पटेल नगर से इस अभियान की शुरुआत की. वेस्ट पटेल नगर स्थित बूथ के बाहर सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई और दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सुबह से ही हो रही भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में एकत्रित हुए और उन्होंने दिल्ली सरकार से नगर निगम के बकाए फंड की भी मांग की.
ये भी पढ़ें:-निगम कर्मचारियों की हड़ताल की जिम्मेदार भाजपा, आप खड़ी है साथ- प्रेम चौहान
फंड दे दिल्ली सरकार
जन जागरण अभियान के मौके पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा निगम का बकाया नहीं दिया जा रहा जिस कारण निगम को अपने कर्मचारियों को सैलरी देने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार निगम का पैसा डकार नहीं सकती क्योंकि यह पैसा दिल्ली के जनता के टैक्स का है. फंड की कमी होने के कारण निगम अपने कर्मचारियों को मुश्किल से सैलरी दे पा रहा है. इसे लेकर पहले भी निगम के नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री आवास पर धरना दिया गया था और अब दिल्ली भाजपा जन जागरण अभियान के जरिए लोगों को जागरूक कर रही है ताकि दिल्ली सरकार पर दबाव बन सके.