यमुना तट के वार्डों में डेंगू का ज्यादा खतरा, निगम चलाएगा विशेष अभियान - यमुना तट के वार्डों में डेंगू के खिलाफ विशेष अभियान
दिल्ली में यमुना तट के किनारे मच्छरों और मच्छर जनित बीमारियों के प्रकोप को देखते हुये विशेष अभियान चलाया जायेगा. इसके लिये यमुना किनारे के वार्डों में फॉगिंग और एंटी लार्वा दवाइयों के छिड़काव के साथ ही स्वामी दयानंद अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिये 100 बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है.
नई दिल्लीःराजधानी में बढ़ते डेंगू के मामले को देखते हुए पूर्वी दिल्ली नगर निगम में स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के निगम अस्पताल में एमएस भी मौजूद रहे.
बैठक के बाद प्रमोद गुप्ता ने बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम मच्छर जनित बीमारियों (डेंगू ,चिकनगुनिया और मलेरिया) की रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर जुटा है . निगम क्षेत्र में फॉगिंग और एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है. यमुना तट किनारे क्षेत्र के वार्ड में डेंगू के ज्यादा मामला देखने को मिला है, जिसे देखते हुए यमुना के निकटवर्ती वार्ड में विशेष अभियान चलाया जाएगा. इन वार्डों में विशेष तौर फोगिंग और एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जाएगा.