नई दिल्ली : एफआईएच ओडिशा हॉकी विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला की शुरूआत के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गयी है. हॉकी इंडिया ने विश्वकप ट्रॉफी टूर की घोषणा के बाद इसे देश के अलग अलग राज्यों में भ्रमण के लिए भेजा है. ट्रॉफी के भ्रमण में इसे खूब जन समर्थन मिल रहा है.
भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को ट्रॉफी सौंपने के साथ आधिकारिक तौर पर दौरा 5 दिसंबर से शुरू हो गया था. यह ट्रॉफी 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा करके वापस लौटेगी. 25 दिसंबर को ओडिशा लौटने से पहले 21 दिवसीय दौरे में ट्रॉफी पश्चिम बंगाल, मणिपुर, असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक जैसे कई राज्यों में घूमेगी. इसके बाद उसे ओडिशा राज्य के दौरे पर लाया जाएगा.
ओडिशा में वापसी पर हॉकी विश्व कप ट्रॉफी सभी जिलों का दौरा करेगी. अधिकारियों ने कहा कि ट्रॉफी सुंदरगढ़ जिले के 17 ब्लॉकों का भी दौरा करेगी. यह जिला हॉकी के कई खिलाड़ी देने के लिए प्रसिद्ध है. अंत में यह ट्रॉफी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में पहुंचेगी, जहां पर हॉकी का फाइनल 29 जनवरी, 2023 को खेला जाएगा.
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को ट्रॉफी सौंपने के साथ भुवनेश्वर में एफआईएच ओडिशा हॉकी विश्व कप 2023 की ट्रॉफी के दौरे की शुरूआत की थी. इस अवसर पर ओडिशा के खेल एवं युवा सेवा मंत्री तुषारकांति बेहेरा, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, राज्य के खेल सचिव आर विनील कृष्णा, हॉकी इंडिया के कार्यकारी निदेशक श्रीवास्तव सहित अधिकारी और हॉकी खिलाड़ी उपस्थित थे.