नई दिल्ली:राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज नामांकन दाखिल कर दिया. इस मौके पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे. द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में पीएम मोदी प्रस्तावक और राजनाथ सिंह अनुमोदक बने. इतना ही नहीं द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान एनडीए की एकजुटता भी नजर आई.
वहीं, नामांकन दाखिल करने से पहले द्रौपदी मुर्मू ने संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ बीआर अंबेडकर और बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन में ही बीजेपी शासित राज्यों के सीएम से मुलाकात भी की. झारखंड की पूर्व राज्यपाल और एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद भवन में नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एनडीए के बड़े नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.
द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान तमाम बीजेपी नेता मौजूद रहे. इसके अलावा बीजेपी शासित प्रदेशों के सीएम भी मुर्मू के नामांकन में पहुंचे. इस दौरान जदयू, बीजद के नेता भी शामिल हुए. बीजद प्रमुख नवीन पटनायक और आंध्र के सीएम जगन मोहन रेड्डी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं. नामांकन के दौरान ओडिशा की सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के प्रतिनिधि के रूप में राज्य सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे. बीजद ने मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है.
इससे पहले मुर्मू बृहस्पतिवार को अपने गृह राज्य ओडिशा से दिल्ली पहुंचीं और शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से भेंट की.
प्रधानमंत्री मोदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक हुए. भाजपा अध्यक्ष नड्डा सहित पार्टी के अन्य शीर्ष नेता भी प्रस्तावकों में शामिल रहे. केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू की उम्मीदवारी की देश भर में तथा समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है.
उन्होंने ट्विटर पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं. मोदी ने कहा, ‘द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की. राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी की देश भर में और समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है. जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है.' इसके बाद मुर्मू ने शाह, नड्डा और राजनाथ सिंह के अलावा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की.
शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं. उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है. मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा.'
राजनाथ ने मुर्मू से मुलाकत के बाद एक ट्वीट में कहा, ‘आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी. उनका जीवन समाज के निर्बल वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित रहा है. मुझे विश्वास है कि वे देश और समाज को और मज़बूत करने में प्रभावी भूमिका निभायेंगी.'
शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के बाद मुर्मू अपना चुनावी अभियान आरंभ करेंगी. वह देश भर का दौरा कर विभिन्न राजनीति दलों के नेताओं से मुलाकात कर चुनाव में समर्थन की गुजारिश करेंगी. आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो मुर्मू की जीत की संभावना प्रबल है. यदि वह जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी.
इस बीच, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से फोन पर बात की और उनसे मुर्मू द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया. चूंकि पटनायक इटली के दौरे पर हैं, इसलिए उन्होंने अनुपलब्धता के लिए खेद जताते हुए अपने मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों, जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू को मुर्मू के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करने और नामांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा है.