ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दौरे पर आईं प्रियंका गांधी को विरोध का सामना करना पड़ा है. दरअसल, प्रियंका गांधी एयरपोर्ट से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के समाधि स्थल पर पहुंचीं तो उस दौरान राजस्थान से आई हुई महिलाओं ने विरोध किया और प्रियंका गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए. इस दौरान सुरक्षाकर्मी काफी मशक्कत के बाद प्रियंका गांधी को हाई सिक्योरिटी के बीच समाधि स्थल के अंदर लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित किया और सभा स्थल के लिए रवाना हो गईं.
महिलाओं ने प्रियंका गांधी के खिलाफ लगाए नारेःबता दें कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में चुनावी आगाज करने आई हैं. वहीं, प्रियंका गांधी एयरपोर्ट से रानी लक्ष्मी बाई की समाधि स्थल गईं. जैसे ही प्रियंका गांधी हाई सिक्योरिटी के बीच गाड़ी से उतरीं, तो राजस्थान से आईं एक सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने प्रियंका पर पर्चे फेंक विरोध किया और जोर-जोर से प्रियंका गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगीं. इसके साथ ही जब महिलाओं को कांग्रेसियों ने देखा तो वह भी सिंधिया मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे.