नई दिल्ली: इसरो का आखिरी समय में लैंडर विक्रम के साथ संपर्क टूटने व चंद्रयान मिशन-2 को झटका लगने के बाद जहां पूरा देश इसरो के साथ खड़ा है. वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने वैज्ञानिक आस्था पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की है. पूर्व सांसद ने कहा कि अगर पूजा-पाठ की जगह विज्ञान पर ध्यान देते तो असफलता नहीं मिलती. इस बयान के बाद उनकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है.
लोकसभा चुनावों के दौरान बीजेपी से कांग्रेस में आने वाले उदित राज ने ट्वीट कर कहा, 'हमारे इसरो वैज्ञानिकों ने अगर नारियल फोड़ने और पूजा पाठ के विश्वास के बजाय वैज्ञानिक शक्ति और आधार पर विश्वास करते तो अब तक मिली आंशिक असफलता का मुँह ना देखना पड़ता.'
बता दें, इसरो का चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम की चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के अंतिम समय में संपर्क टूट गया. इसके बाद पूरे देश ने इसरो की मेहनत की सराहना की और उसके चंद्रमा की ओर बढ़ने के प्रयास पर गर्व व्यक्त किया. यहां तक की मोदी ने भी इसरो वैज्ञानिकों की हौसलाफजाई की.