पणजी: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों को गलत बताया है. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू की 'गलत' नीतियों ने न केवल दीर्घकालिक जम्मू एवं कश्मीर समस्या पैदा की, बल्कि पुर्तगाली दासता से गोवा की आजादी में भी देरी हुई.
भाजपा के भारत-व्यापी सदस्यता अभियान के क्रम में गोवा पहुंचे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने से जम्मू एवं कश्मीर से आतंकवाद और गरीबी, दोनों का उन्मूलन हो जाएगा.
शिवराज ने राज्य भाजपा मुख्यालय में मीडिया से कहा, 'कांग्रेस और नेहरू के नेतृत्व के कारण पुर्तगाली कई वर्षो तक गोवा पर शासन करते रहे.'
उन्होंने कहा, 'ऐसे हालात गलत प्राथमिकताओं के कारण पैदा हुए. मैं मानता हूं कि जिस तरीके से गोवा की प्रगति हुई, जम्मू एवं कश्मीर का भी विकास होगा. आतंकवाद के साथ गरीबी का उन्मूलन हो जाएगा.'