कोलकाता : दिल्ली में हुए 'जनसंहार' के विरोध में तृणमूल कांग्रेस छह मार्च को पश्चिम बंगाल के सभी ब्लॉकों में 'भाजपा छी छी' (भाजपा शर्म करो) अभियान चलाएगी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बनियादपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही.
ममता ने कहा कि कहा, 'दिल्ली में हुए जनसंहार के विरोध में शुक्रवार को राज्य के हर ब्लॉक में यह अभियान चलाया जाएगा. इस जनसंहार को दिल्ली में दंगों के रूप में दर्शाया गया है. निर्दोष लोगों को मारने के लिए बाहर से लोग लाए गए थे. इस जनसंहार के लिए भाजपा जिम्मेदार है, इसलिए हम शुक्रवार को कहेंगे कि भाजपा शर्म करो.'
उन्होंने कहा कि इस अभियान में, 'शर्म करो' का नारा नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के खिलाफ भी लगाया जाएगा. ऐसे लोगों (भाजपा) का हमारे देश में कोई स्थान नहीं है.
उन्होंने कहा, वहां शवों का पहाड़ लग गया है. हजारों लोग अपने घरों से भाग गए हैं. 700 लोग अब भी लापता हैं. कई लोगों के शव अब तक नहीं मिले हैं.
ममता ने कहा कि 87 लोगों को गोली मारी गई, अब तक 50 शव मिले हैं. ढाई सौ से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक है.
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, बताएं यह शव हिंदुओं के हैं या मुस्लिमों के.
मुख्यमंत्री ने कहा, हालांकि बंगाल में ऐसा कुछ नहीं हुआ है, फिर भी भाजपा राज्य में उपद्रव कर रही है. वह केवल नफरत की राजनीति कर रही है.