नई दिल्ली :भारतीय और रूसी नौसेना ने अपने अभियान समन्वय को और अधिक बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में लगातार दूसरे दिन इंद्र नौसेना अभ्यास किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
यह नौसेना अभ्यास ऐसे समय में किया जा रहा है, जब पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा पर तनाव बढ़ने के मद्देनजर हिंद महासागर में भारत अपने जंगी जहाजों की तैनाती बढ़ा रहा है.
हिंद महासागर देश के सामरिक हितों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है.
अधिकारियों ने बताया कि विमान रोधी अभ्यास, हेलीकॉप्टर अभियान, करतबबाजी और एक जहाज से दूसरे जहाज पर विमानों का जाना, जैसे सैन्य अभ्यास द्विवार्षिक भारत-रूस इंद्र नौसेना अभ्यास के 11वें सत्र के तहत किए गए.