रायपुर : पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन को लेकर छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि यह देश के लिए ऐतिहासिक पल है. उन्होंने प्रदेशभर के लोगों से आह्वान किया कि सभी लोग इसे दीपावली उत्सव के रूप में मनाए.
रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि 500 साल के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में रामलला का भव्य और दिव्य मंदिर का शिलान्यास आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं. हम इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी होंगे. इस आनंद के अवसर पर घरों को अयोध्या की तरह सजाएं, दीप जलाएं, भक्ति में डूब जाएं.
रमन सिंह ने ट्वीट कर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भूमिपूजन की हार्दिक शुभकामनाएं दी. उन्होंने लिखा कि "रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम" सभी देशवासियों को ऐतिहासिक, गौरवमयी, अनंत आनंद के क्षण श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भूमिपूजन की हार्दिक शुभकामनाएं. हमारे रोम रोम में राम हैं, राम हमारा अस्तित्व हैं, हमारे आराध्य हैं, हमारे प्राण हैं".
रमन सिंह ने इस ऐतिहासिक दिन पर रायपुर में स्थित राम मंदिर जाकर भगवान राम के दर्शन किए. रमन सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि, 'सगुन होहिं सुंदर सकल मन प्रसन्न सब केर प्रभु आगवन जनाव जनु नगर रम्य चहुं फेर अयोध्या में प्रभु श्री राम के अलौकिक, अदभुत राममंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर आज रायपुर स्थित राम मंदिर में सपरिवार रामलला की आरती और दर्शन कर कृतार्थ हुआ. मम ह्रदय विराजो श्रीराम'