कोरिया:नगरीय निकाय चुनाव में मनेंद्रगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है. कांग्रेस को 22 वोटों में 19 वोट मिले हैं. कांग्रेस के 9, भाजपा के 5 और निर्दलीय पार्षद होने के बाद भी कांग्रेस ने अपनी सरकार बनाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है.
भाजपा पार्षदों को भी मिलाया
बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद से कांग्रेस और भाजपा के बीच अध्यक्ष को लेकर कांटे की टक्कर चल रही थी. इसमें 4 जनवरी को कांग्रेस ने निर्दलियों के साथ ही साथ भाजपा पार्षदों को भी अपने पक्ष में मिलाकर अपनी सरकार बना ली है. वहीं कांग्रेस की प्रभा पटेल मनेंद्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष बनी हैं.
कृष्ण मुरारी बने उपाध्यक्ष
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष कांग्रेस के कृष्ण मुरारी तिवारी बने हैं. अध्यक्ष पद के लिए प्रभा पटेल को 19 वोट मिले जबकि भाजपा के सरजू यादव के पक्ष में सिर्फ 2 वोट ही पड़े. इसमें से एक वोट रद्द हो गया था. वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कृष्ण मुरारी तिवारी को 14 वोट मिले हैं जबकि भाजपा की जफरुल निशा के पक्ष में 6 वोट पड़े, जिसमें से 2 वोट रद्द हो गए.