पटनाः चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का चांद पर लैंड करते ही जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया. इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने इसरो वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया. वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी चंद्रयान-2 पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. सीएम ने ट्वीट कर इसरो के वैज्ञानिकों पर गर्व करते हुए मिशन चंद्रयान-2 को बड़ी उपलब्धि बताया है.
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा है कि हमें चंद्रयान-2 मिशन की महत्वपूर्ण उपलब्धि पर इसरो के वैज्ञानिकों पर गर्व है. इसकी मदद से एकत्र की गई जानकारी से भविष्य में वैज्ञानिक प्रयासों में मदद मिलेगी.
पीएम ने वैज्ञानिकों का बढ़ाया हौसला
गौरतलब है कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का जमीनी स्टेशन से संपर्क उस समय टूट गया. जब लैंडर चांद की सतह से 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लैंडर का संपर्क टूट जाने के बाद इसरो के वैज्ञानिकों से कहा, 'देश को आप पर गर्व है. सर्वश्रेष्ठ के लिए उम्मीद करें. हौसला रखें.' पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि हम निश्चित रूप से सफल होंगे. इस मिशन के अगले प्रयास में भी और इसके बाद के हर प्रयास में भी कामयाबी हमारे साथ होगी. उन्होंने कहा, 'आज चंद्रमा को छूने की हमारी इच्छाशक्ति और दृढ़ हुई है, संकल्प और प्रबल हुआ है. आज भले ही कुछ रुकावटें हाथ लगी हो, लेकिन इससे हमारा हौसला कमजोर नहीं पड़ा है, बल्कि और मजबूत हुआ है.
इसरो वैज्ञानिकों संग पीएम नरेंद्र मोदी
वैज्ञानिक कर रहे डेटा की समीक्षा
इसरो के वैज्ञानिक डेटा की समीक्षा कर रहे हैं. पूर्व ISRO प्रमुख टीडी शशिकुमार ने बताया कि अभी अंतिम नतीजों पर पहुंचना सही नहीं होगा. अच्छे नतीजों की कामना करें. विक्रम लैंडर क्रैश होने के सवाल पर इसरो के वैज्ञानिक देवी प्रसाद कार्णिक ने कहा कि डेटा का अध्ययन किया जा रहा है. इसमें समय लगता है. हम किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं.