नवादा :कौआकोल प्रखण्ड के सोखोदेवरा गांव स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण आश्रम परिसर में ग्राम निर्माण मण्डल के तत्वाधान में समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें जेपी के सहयोगी रहे पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कलाकार ब्रह्मदेव राम पंडित को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बिहार खादी बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अरविंद निषाद का भी ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने सिल्क शॉल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया.
अरविंद कुमार ने कहा कि पद्मश्री ब्रह्मदेव राम पंडित का संस्था से अभिन्न जुड़ाव रहा है. संस्था से प्रशिक्षण के उपरांत लोकनायक की पहल पर उन्हें कर्नाटक भेजा गया, जहां इन्होंने अपनी लगन और मेहनत के बलबूते मिट्टी से कलाकृति बनाने में महारथ हासिल की. जहां उनकी बनाई कलाकृतियां पूरे देश और विदेश में सराहा जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस कलाकृति के विकास को लेकर पद्मश्री द्वारा मुंबई में कई कामगारों को रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है.