बांका:बांका वन विभाग के वन क्षेत्र पदाधिकारी सह वनपाल अरविंद कुमार सिन्हा के खिलाफ बांका थाना में सरकारी राशि की हेराफेरी के आरोप में केस दर्ज कराया गया है. बता दें कि रुपयों की हेराफेरी को लेकर पहले तो रेंजर अरविद कुमार सिन्हा को निलंबित किया गया और उनकी जगह पर पदभार लिए रेंजर सरोज कुमार ने बांका के प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह के आदेश पर केस दर्ज कराया है.
क्या है पूरा मामला? : यह मामला बांका वन क्षेत्र से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 8 करोड़ 41 लाख रुपयों की राशि निकासी के बावजूद एसी बिल का डीसी विपत्र समर्पित नहीं किया गया है. जबकि नियम के मुताबिक छह महीने के अंदर किसी भी एसी (अग्रिम निकासी) बिल को डीसी बिल कोषागार में समर्पित कर दिया जाना है.
रेंजर को वन विभाग ने किया निलंबित: जब यह मामला वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में आया तो विभाग के पदाधिकारियों ने रेंजर अरविंद कुमार सिन्हा को निलंबित कर दिया. पहले तो निलंबन के बाद इस मामले को वन विभाग की तरफ से दबाने की कोशिश की गई. लेकिन मामला बढ़ने पर डीएफओ अभिषेक कुमार सिंह ने कमेटी गठित कर इसकी जांच कराई. जांच में मामला सही साबित होने पर उनके खिलाफ शुक्रवार की शाम बांका थाने में केस दर्ज कराया गया है.