नई दिल्ली/पटना: 71वें गणतंत्र दिवस से पहले देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है. इस बार 141 हस्तियों को इन पुरस्कारों के लिए चुना गया है. इनमें 7 पद्म विभूषण, 16 पद्म भूषण और देश-विदेश की 118 हस्तियों को पद्मश्री से नवाजा गया है. पद्म पुरस्कारों में इस बार बिहार का बोलबाला रहा. राज्य की कुल 8 हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजा जाएगा. इनमें देश के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीज (मरणोपरांत), साइंटिस्ट वशिष्ठ नारायण सिंह (मरणोपरांत), शांति जैन (आर्ट), शांति राय (मेडिसिन) जैसे कई नामचीन लोग शामिल हैं.
अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है. इसके अलावा पीवी सिंधु, बॉलीवुड की कंगना रनौत, करण जौहर, एकता कपूर को पद्म श्री दिया गया है. 1984 के भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों के हक की लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ता अब्दुल जब्बार को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया है. 14 नवंबर 2019 को उनका निधन हो गया था. लंगर बाबा के नाम से मशहूर जगदीश लाल आहूजा को भी इस सर्वोच्च पुस्कार से नवाजा गया है. वे रोजाना चंडीगढ़ में गरीब मरीजों के परिजनों को मुफ्त में भोजन कराते हैं.
सीएम नीतीश ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जार्ज फर्नांडीज, सुषमा स्वराज और अरूण जेटली को मरणोपरांत पद्मविभूषण, और वशिष्ठ नारायण सिंह को मरणोपरांत पद्मश्री मिलने पर अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने सभूी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने बिहार के सुजोय कुमार गुहा, विमल कुमार जैन, डॉ शांति राय, श्रीमती शांति जैन, श्याम सुंदर शर्मा एवं रामजी सिंह को पद्मश्री मिलने पर खुशी जताई