रांची:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर झारखंडवासियों को शुभकामनाएं दीं. साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया. इनके अलावा झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा कि झारखंड राज्य के स्थापना दिवस एवं रजत जयंती वर्ष की सभी को हार्दिक बधाई! भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिदो–कान्हू, चांद-भैरव, तिलका मांझी, नीलाम्बर-पीताम्बर जैसे अनेक वीरों ने झारखंड की धरती को गौरवान्वित किया है. प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध इस राज्य के लोगों ने देश की प्रगति में अमूल्य योगदान दिया है. झारखंड का समाज, विशेषकर जनजातीय समाज, अपनी सांस्कृतिक विशेषताओं के लिए भी जाना जाता है. मेरी कामना है कि झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे तथा वहां के निवासियों का भविष्य उज्ज्वल हो.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस पर अनेकानेक शुभकामनाएं. जनजातीय समाज के संघर्ष और बलिदान से सिंचित इस धरती ने देश को हमेशा गौरवान्वित किया है. मेरी कामना है कि प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण यह प्रदेश प्रगति के पथ पर तेज रफ्तार से आगे बढ़े.
वहीं उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को भी नमन किया. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी ने मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनकी जन्म-जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के पावन अवसर पर उन्हें मेरा कोटि-कोटि नमन.
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी लोगों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि भरपूर प्राकृतिक, सांस्कृतिक और खनिज संपदा से युक्त झारखंड के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. झारखंड वासियों की सभ्यता और अधिकारों की रक्षा के लिए INDIA सदैव संकल्पित है.
वहीं उन्होंने आदिवासी महानायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया और कहा कि आदिवासी अस्मिता के लिए उनका संघर्ष और जल, जंगल, ज़मीन की रक्षा के लिए उनका बलिदान हमें सदा प्रेरित करता रहेगा.